पेंटागन की एक नयी रिपोर्ट में बताया गया है कि अमरीकी सैनिक, यह पता नहीं लगा पाए कि अमरीका ने जो करोड़ों डॅालर के हथियार, सीरिया में अपने घटकों को दिये थे वह आखिर गये कहां?
मंगलवार को प्रकाशित होने वाली इस रिपोर्ट में कहा गया है कि दाइश के खिलाफ बने गठबंधन के अधिकारियों को सीरिया में 715 मिलयन डाॅलर के अमरीकी हथियारों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इसके अलावा भी सीरिया में हज़ारों हथियार या तो गायब हो गये या फिर चोरी कर लिये गये।
रिपोर्ट में बताया गया है कि राकेट लांचर और मशीनगनों सहित लगभग 4100 हथियार, धातु ले जाने वाले ट्रकों में रखे गये हैं जिससे इन हथियारों को नुक़सान पहुंच रहा है।
रिपोर्ट में इस बारे में कुछ नहीं बताया गया है कि सीरिया में गायब होने वाले यह अमरीकी हथियार, आतंकवादियों के हाथ लगे हैं या नहीं।
याद रहे अमरीकी सरकार ने सन 2011 में सीरिया में अशांति के आरंभ के साथ ही सरकार विरोधी गुटों के लिए हथियार भेजना आरंभ कर दिया था।
इस से पहले कई रिपोर्टों में बताया जा चुका है कि अमरीका ने सीरिया के सरकार विरोधी गुटों के नाम पर जो हथियार सीरिया भेजे थे वह सब अलक़ायदा और दाइश जैसे आतंकवादी संगठनों के हाथ लग गये हैं।
इसके अलावा भी कई रिपोर्टों में बताया गया है कि सीरिया और इराक़ में सुरक्षा बलों के घेरे में फंस जाने वाले दाइश के आतंकवादियों के लिए अमरीकी सेना के हेलीकाप्टरों से हथियार और खाद्य सामाग्री गिरायी गयी।
कई बार दाइश पर हमले की तैयारी करने वाले सीरियाई और इराक़ी सैनिकों पर अमरीकी युद्धक विमानों ने बमबारी भी की।