31 जनवरी 2020 - 16:56
नेहम मोर्चे पर भारी परायज के बाद सऊदी गठबंधन की सनआ पर भीषण बमबारी

सऊदी गठबंधन के युद्धक विमानों ने यमन की राजधानी सनआ पर एक बार फिर पाश्विक बमबारी की है।

अलमसीरा टेलीवीजन की रिपोर्ट के अनुसार यमन के शहरों पर बमबारी का नया क्रम जारी रखते हुए सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने सनआ के विभिन्न भागों विशेषकर दक्षिणी क्षेत्र जबले ओतान पर भीषण बमबारी की।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सनआ के विभिन्न क्षेत्रों पर बमबारी के दौरान शहर के अलग अलग भागों में धमाकों की भीषण आवाज़ें सुनी गयीं।

यमनी मीडिया ने ख़बर दी है कि सऊदी युद्धक विमानों ने सनआ के जबले ओतान पर सबसे ज़्यादा बमबारी की है।

पिछले वर्षों के दौरान भी इस मोहल्ले पर हमलावर गठबंधन के बमबार युद्धक विमान बमबारी करते रहे हैं।

सऊदी युद्धक विमानों ने इसी प्रकार गुरुवार को भी यमन के मआरिब प्रांत के क्षेत्र नेहम पर आठ बार और मजज़र पर तीन बार बमबारी की जबकि अलजौफ़ प्रांत के शहर पर भी सऊदी युद्धक विमानों ने दो बार बमबारी की।