29 जनवरी 2020 - 19:27
कोरोना वायरस, अबतक 132 लोगों की मौत, ऑस्ट्रेलियाई वैज्ञानिकों का दावा  जल्द मिल सकता है इलाज

चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 132 हो गई है। इससे पहले, कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 107 बताई गई थी।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बुधवार को घोषणा की है कि कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 132 पहुंच गई है, जबकि 6 हज़ार लोग इस वायरस से संक्रमित हैं और लगभग 100 लोगों का इलाज किया जा चुका है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया से एक आशावान ख़बर आई है कि, ऑस्ट्रेलिया के वैज्ञानिकों ने जानलेवा कोरोना वायरस (Coronavirus) के ख़िलाफ़ लड़ाई में बड़ी उपलब्धी मिलने का दावा किया है। ऑस्ट्रेलियाई वैज्ञानिकों ने बताया है कि उन्होंने चीन के बाहर एक सैंपल विकसित किया है और इससे जल्द ही कोरोना वायरस का इलाज में ढूंढा जा सकेगा।

मेलबर्न में द डोहर्टी इंस्टिट्यूट (The Doherty Institute) ने बुधवार को एक बयान जारी करके बताया कि एक मरीज़ के सेल कल्चर (जांच) के दौरान कोरोना वायरस का सैंपल विकसित किया गया है। पहली बार चीन के बाहर विकसित किए गए इस वायरस की डिटेल जल्द ही विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से शेयर की जाएगी। वायरस आइडेंटिफ़िकेशन लैब के हेड जुलियन ड्रुस ने कहा है कि, ‘चीनी अधिकारियों ने इस नोवेल कोरोना वायरस का जीन समूह जारी किया था, जो इस रोग की पहचान करने में मददगार है। हालांकि, असली वायरस होने का मतलब है कि अब जांच के सभी स्तरों का वेरिफिकेशन करने की क्षमता आ गई है, जो इस रोग के इलाज में काफ़ी महत्वपूर्ण साबित होगा। कोरोना वायरस की पहचान और इलाज के लिए यह एक महत्वपूर्ण क़दम साबित हो सकता है।'