12 जनवरी 2020 - 16:21
यूक्रेन विमान दुर्घटना, जांच आयोग का गठन

ईरान में यूक्रेन के विमान को पेश आने वाली दुर्घटना के पीड़ितों के मामले की समीक्षा करने के लिए एक आयोग का गठन किया गया है।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने तेहरान में यूक्रेन के यात्री विमान की दुर्घटना और 176 यात्री और कर्मी दल के लोगों की मौत पर खेद प्रकट करते हुए कहा कि ईरानी राष्ट्रपति और विदेशमंत्री के आदेश पर पीड़ितों के काउंसलर मुद्दे की समीक्षा के लिए एक आयोग का गठन किया गया है।

सैयद अब्बास मूसवी ने कहा कि समस्त काउंसलर, संबंधित कार्यालयों और हवाई अड्डे के कार्यालयों को इस मामले की समीक्षा का निर्देश दिया गया है।

ज्ञात रहे कि ईरान की सेना की संयुक्त कमान ने एक बयान में कहा है कि इराक़ में अमरीकी एयरबेस पर ईरान के मीज़ाइल हमले के बाद ईरान के आस-पास आतंकवादी अमरीका की लड़ाकू उड़ानों में वृद्धि हो गई और इन संवेदनशील और संकटमयी परिस्थितियों में यूक्रेन एयरलाइंस की फ़्लाइट संख्या 752 ने इमाम ख़ुमैनी हवाई अड्डे से उड़ान भरी और मुड़ते समय वह पूरी तरह से आईआरजीसी के एक संवेदनशील सैन्य ठिकाने के क़रीब होने लगी और उसकी ऊंचाई भी दुश्मन लक्ष्य जैसी हो गई थी। इन परिस्थितियों में मानवीय भूल के चलते और ग़लती से इस विमान को निशाना बना दिया गया।