11 जनवरी 2020 - 15:49
अमरीकी सैनिकों को बाक़ी रखने की अमरीकी सरकार की कार्यवाही एलाने जंग हैः मोहम्मद अलबल्दावी

इराक़ के अलबेना गठजोड़ ने देश की भूमि से अमरीकी सैनिकों के बाहर निकलने की मांग की है।

अलबेना गठजोड़ ने देश की भूमि पर अमरीकी सैनिकों को बाक़ी रखने की पुष्टि करने की अमरीकी सरकार की कार्यवाही को एलाने जंग कहा है।

फ़ार्स न्यूज़ के मुताबिक़, अलबेना गठबंधन के प्रतिनिधि मोहम्मद अलबल्दावी ने शनिवार को कहाः इराक़ अपनी संप्रभुता की रक्षा और अमरीकी सैनिकों को निकाल बाहर करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय अदालत जाएगा। इसी तरह इस मामले में इराक़ अंतर्राष्ट्रीय हल्क़ों से भी संपर्क करेगा।

अलबल्दावी ने इराक़ी प्रधान मंत्री आदिल अब्दुल महदी की अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो से टेलीफ़ोन पर बातचीत का ज़िक्र करते हुए कहाः अब्दुल महदी ने पोम्पियो से कहा कि वह प्रतिनिधि इराक़ भेजें ताकि वे अमरीकी सैनिकों के इराक़ से निकलने का मेकनिज़्म बनाएं।

अलबल्दावी ने कहाः अमरीकी सैनिक इराक़ सरकार की इजाज़त के बग़ैर इस देश में दाख़िल होते हैं और अमरीकी विमान भी बिना इजाज़त इराक़ के आसमान पर उड़ान भरते हैं।