2 जनवरी 2020 - 13:14
अब अमरीका ने बग़दाद में अपने दूतावास पर हमले को ईरान का काम बताया!!!

अमरीकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने बग़दाद में अमरीका के दूतावास पर इराक़ियों की आक्रोशित भीड़ के हमले के सिलसिले में ईरान पर निराधार आरोप लगाए हैं।

माॅर्गन ओरटागस ने फ़ाॅक्स न्यूज़ से बात करते हुए ईरान पर निराधार आरोप लगाते हुए कहा कि बग़दाद में अमरीकी दूतावास पर हमला, ईरान का काम है। उन्होंने इसी तरह अमरीकी दूतावास के सामने इकट्ठा होने वाले इराक़ी प्रदर्शनकारियों को आतंकवादी बताया। प्रवक्ता ने दावा किया कि ईरान के ख़िलाफ़ ट्रम्प सरकार की नीतियां प्रभावी सिद्ध हुई हैं।

 

अमरीकी विदेश मंत्रालय में ईरान के ख़िलाफ़ कार्यवाही गुट के प्रमुख ब्रायन हुक ने भी एक बार फिर इस्लामी गणतंत्र ईरान के ख़िलाफ़ अपने निराधार दावों और आरोपों को दोहराया है। उन्होंने सीएनएन से बात करते हुए ईरान पर इराक़ पर वर्चस्व जमाने का आरोप लगाया और दावा किया कि बग़दाद में अमरीका के दूतावास पर हमले के लिए ईरान ही ज़िम्मेदार है। उन्होंने इसी तरह इराक़ के स्वयं सेवी बल के ठिकानों पर हमले को, ईरान को दिया गया जवाब बताया।

 

इससे पहले अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प भी ईरान पर बग़दाद में अमरीकी दूतावास के सामने भीड़ इकट्ठा करने का आरोप लगा चुके हैं। मंगलवार और बुधवार को बग़दाद में इराक़ी जनता ने अमरीकी दूतावास के सामने बड़े पैमाने पर अमरीका विरोधी प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सीरिया व इराक़ की सीमा पर इराक़ के स्वयं सेवी बल के ठिकानों पर अमरीका के ड्रोन हमले पर आपत्ति स्वरूप किए गए। इन हमलों में इराक़ के 30 स्वयं सेवी शहीद और 50 से अधिक घायल हो गए।