31 दिसंबर 2019 - 13:18
मुक़तदा सद्र की अमरीका को चेतावनीः इराक़ी जनता अमरीकी सैनिकों को देश से बाहर निकाल फेंकने के लिए तैयार है

इराक़ में सद्र आंदोलन के नेता मुक़तदा सद्र ने कहा है कि इराक़ी जनता अमरीकी सैनिकों को इराक़ से बाहर निकालने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

सद्र ने चेतावनी दी कि अगर अमरीकी सेना इराक़ से बाहर नहीं निकलती है तो जनता उचित कार्यवाही के लिए तैयार है।

ग़ौरतलब है कि शनिवार को अमरीका ने इराक़ी स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी के ठिकानों पर हवाई हमले किए थे, जिसमें कम से कम 27 लोग शहीद हो गए हैं।

सद्र का कहना है कि हम पहले ही इराक़ को क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय झगड़ों में फंसाने के परिणामों के प्रति चेतावनी दे चुके हैं। हमने कहा था कि इराक़ी जनता अब इस तरह के दुस्साहस को सहन नहीं करेगी।

उन्होंने कहाः "आज मैं राजनीतिक और क़ानूनी तरीकों से क़ब्ज़ा करने वालों को देश से बाहर फेंकने के लिए तैयार हूं, क्या कोई मेरी मदद करेगा?"

मुक़तदा सद्र ने ज़ोर देकर कहा कि इराक़ की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी उसके अपने सुरक्षा बलों के कांधों पर होनी चाहिए।