26 दिसंबर 2019 - 16:43
इस्राईल को सीरिया में अपराधों व हवाई हमलों का आज नहीं तो कल ज़रूर जवाब मिलेगा, अमरीका के साथ गुप्त बातचीत महज़ अफ़वाह हैः विलायत

इस्लामी क्रान्ति के वरिष्ठ नेता के अंतर्राष्ट्रीय मामलों में सलाहकार अली अकबर विलायती ने कहा है कि इस्राईल को सीरिया में अपराधों व हवाई हमलों का आज नहीं तो कल ज़रूर जवाब मिलेगा, सीरियाई और लेबनानी राष्ट्र इस्राईल को जवाब देकर रहेंगे।

इरना के मुताबिक़, अली अकबर विलायती ने रशिया टुडे से इंटरव्यू में कहा कि ज़ायोनी शासन को क्षेत्र में अपने अपराध को लेकर पछतावा होगा।

उन्होंने सीरियाई सरकार व राष्ट्र को तेहरान के समर्थन पर बल देते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान शुरु से दमिश्क़ सरकार के साथ है और ईरान की प्रभावी मदद से सीरिया अपने पैर पर खड़ा हो सका।

आयतुल्लाहिल उज़्मा ख़ामेनई के सलाहकार ने उन ख़बरों को महज़ अफ़वाह बताया जिसमें ईरान-अमरीका के बीच गुप्त रूप से संबंध की बात कही गयी है।

अली अकबर विलायती ने ईरान के ख़िलाफ़ सभी पाबंदियों के हटने से पहले अमरीका के साथ किसी भी तरह की बातचीत की संभावना को पूरी तरह ख़ारिज करते हुए कहा कि ईरान ने अमरीकी अधिकारियों के साथ किसी भी तरह की मुलाक़ात न करने का फ़ैसला लिया है।