17 दिसंबर 2019 - 18:35
ताक़त की राजनीति फ़ार्स की खाड़ी में सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकतीः ज़रीफ़

ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि बल और शक्ति की राजनीति से फ़ार्स की खाड़ी में सुरक्षा और शांति स्थापित नहीं होने वाली है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने मंगलवार को ट्विटर पर दोहा फोरम इंटरनेशनल समिट में उनके द्वारा दिए गए भाषण की तस्वीरें पोस्ट करते हुए फ़ार्स की ख़ाड़ी के देशों को यह सलाह दी कि, "अधिक यथार्थवादी" सहयोग का प्रयास करें। ज़रीफ़ ने स्पष्ट किया कि, किसी एक अच्छे विचार का अनुसरण केवल किसी एक पक्ष की ज़िम्मेदारी नहीं है।

ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने इंटरनेशनल दोहा फोरम समिट में भाषण के अलावा कई देशों के अधिकारियों से भी मुलाक़ात की और क्षेत्र की शांति व सुरक्षा के बारे में तेहरान के दृष्टिकोण को पारदर्शी व स्पष्ट तरीक़े से पेश किया और साथ ही और हुर्मुज़ स्ट्रेट शांति योजना के बारे में ईरान के दृष्टिकोण को बयान किया।

ज्ञात रहे कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी ने इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा के वार्षिक अधिवेशन में हुर्मुज़ स्ट्रेट शांति योजना का प्रस्ताव पेश किया था।