14 दिसंबर 2019 - 16:00
ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंध, मानवता विरोधी अपराध हैंः अब्बास मूसवी

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंध, मानवता विरोधी अपराध हैं। उन्होंने इन्हें आर्थिक आतंकवाद बताया।

सैयद अब्बास मूसवी ने शनिवार को तबरेज़ नगर में पत्रकारों से बात करते हुए अमरीका के इस दावे को रद्द कर दिया कि ईरान के लिए दवाओं और खाद्य पदार्थों पर प्रतिबंध नही है।उन्होंने कहा कि अगर कोई ईरानी कंपनी दवाओं या खाद्य पदार्थों को उपलब्ध कराने के लिए कोई क़दम उठाती है तो उसका सामना बैंकिंग सिस्टम से होता है।  अब्बास मूसवी ने कहा कि ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों ने सभी अन्तर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए निकट भविष्य में राष्ट्रपति रूहानी की जापान यात्रा के बारे में कहा कि जापान ने सदभावना दिखाते हुए तनाव को कम करने का प्रस्ताव दिया है।  उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि राष्ट्रपति रूहानी की जापान यात्रा से वांछित परिणाम सामने आएंगे।

सैयद अब्बास मूसवी ने पड़ोसी देशों के साथ विस्तृत होते संबन्धों की ओर संकेत करते हुए कहा कि अपनी आंतरिक समस्याओं के कारण कुछ पड़ोसी देश ईरान के साथ संबन्ध नहीं रखते किंतु इस्लामी गणतंत्र ईरान की नीति में देशों को विशेष महत्व प्राप्त है।  उन्होंने ब्रिटेन के चुनावों के परिणाम के बारे में कहा कि हम आशा करते हैं कि ब्रिटेन की नई सरकार यूरोपीय संघ के साथ जेसीपीओए के बारे में अपने वचनों पर प्रतिबद्ध रहेगी