10 दिसंबर 2019 - 18:15
अमेरिकी सीनेटर का अफ़ग़ानिस्तान में जारी युद्ध को लेकर पाकिस्तान पर बड़ा आरोप

एक अमेरिकी सीनेटर ने पाकिस्तान पर आरोप लगाते हुए कहा है कि, अगर इस्लामाबाद तालेबान को शरण नहीं दे तो अफ़ग़ानिस्तान में युद्ध कुछ सप्ताह में ही समाप्त हो जाएगा।

फ़ाक्स न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने अफ़ग़ानिस्तान में युद्ध जारी रखने के लिए पाकिस्तान को दोषी ठहराया और अमेरिकी सरकार को सुझाव दिया हे कि वह तालेबान के साथ बातचीत के बजाए अफ़ग़ानिस्तान में युद्ध को समाप्त करने के लिए पाकिस्तान सरकार से वार्ता करे। लिंडसे ग्राहम ने कहा कि, वॉशिंग्टन ने तालेबान से बातचीत करके बहुत बड़ी ग़लती की है। उन्होंने ट्रम्प सरकार से मांग की है कि वह इस मामले में सीधे तौर पर पाकिस्तान से वार्ता करें।

इस रिपब्लिकन सीनेटर ने बल देकर कहा कि अमेरिका को पाकिस्तान के साथ बातचीत के बाद ही तालेबान के साथ वार्ता करनी चाहिए थी  और उससे पहले जितना हो सके इस चरमपंथी गुट पर दबाव बनाया जाए। लिंडसे ग्राहम से पहले भी कई अमेरिकी अधिकारी और राजनेता अफ़ग़ानिस्तान में जारी अशांति के संबंध में इसी तरह की बात कह चुके हैं। इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कई महीने पहले कहा था कि अमेरिकी अधिकारी इस तरह की बात करके अफ़ग़ानिस्तान में मिली हार की ठीकरा पाकिस्तान पर फोड़ना चाहते हैं।