ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रभारी के बयान के जवाब में कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान स्वतंत्र और स्वाधीन देशों के विरुद्ध मानवाधिकार के मामले को राजनैतिक लक्ष्यों और एक हथकंड के रूप में प्रयोग किए जाने का विरोधी है और इस कार्यवाही की निंदा करता है।
यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रभारी के प्रमुख जोज़फ़ बोरेल ने रविवार को अपने एक हस्तक्षेपपूर्ण बयान में ईरान पर मानवाधिकारों के हनन और प्रदर्शनकारियों के साथ हिंसक ढंग से पेश आने का आरोप लगाया था।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रभारी के बयान पर खेद प्रकट करते हुए कहा कि यह बयान ग़लत मालूमात के आधार पर दिया गया है। उनका कहना था कि जनता के अधिकारों का सम्मान, ईरान का एक महत्वपूर्ण सिद्धांत और राष्ट्रीय सुरक्षा के आधारों पर आवश्यकताओं में है।
उन्होंने कहा कि पिछले चालीस वर्षों के दौरान ईरान के क्रियाकलापों ने यह सिद्ध कर दिया कि वह जनता के अधिकारों और मानवाधिकारों के मापदंडों को उठाने में पूरी तरह गंभीर रहा है और जनप्रदर्शन और रैलियों को भी ईरान, जनता का हक़ समझता है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने यूरोपीय संघ को नसीहत की कि वह अपने कुछ सदस्यों और घटक देशों में मानवाधिकारों के हनन, परमाणु समझौते पर अमल किए जाने के बारे में की जा रही लापरवाहियों और अमरीका के अत्याचारपूर्ण और ग़ैर क़ानूनी प्रतिबंधों की वजह से 8 करोड़ ईरानी नागरिकों के अधिकारों के हनन पर ध्यान दे।