8 दिसंबर 2019 - 15:07
जार्डन वैली के विलय के प्रस्ताव पर पोम्पियो से कोई वार्ता नहींः शेंकर

अमरीका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ज़ायोनी शासन के इस दावे को रद्द कर दिया है कि अमरीकी विदेशमंत्री के साथ वार्ता में जार्डन वैली के इस्राईल विलय का प्रस्ताव पेश किया गया था।

ज़ायोनी शासन के टेलिविज़न चैनेल-13 के अनुसार मध्यपूर्व के मामलों में अमरीकी विदेश मंत्रालय के सलाहकार डेविड शेंकर ने पत्रकारों को बताया कि नेतनयाहू ने जिस प्रकार से दावा किया है उसके विपरीत पुर्तगाल में विदेशमंत्री माइक पोम्पियो के साथ भेंट में जार्डन वैली को अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीन में विलय के बारे में कोई योजना पेश नहीं की गई।  उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की स्थिति उस हालत में स्पष्ट होगी जब फ़िलिस्तीनी पक्ष से मिलकर इस बारे में वार्ता हो।

उल्लेखनीय है कि नेतनयाहू ने पुर्तगाल में अमरीकी विदेशमंत्री माइक पोम्पियो के साथ वार्ता करने से पहले पिछले सप्ताह कहा था कि वे माइक पोम्पियो से जार्डन वैली के इस्राईल में विलय के बारे में चर्चा करेंगे।  बाद में नेतनयाहू ने अमरीकी विदेशमंत्री से भेंटवार्ता के बाद कहा कि मैंने इस संबन्ध में माइम पोम्पियो से वार्ता की है।  ज्ञात रहे कि नेतनयाहू ने ज़ायोनी वोटरों को अपनी ओर आकृष्ट करने के उद्देश्य से अपने चुनाव प्रचार में वचन दिया था कि वे जार्डन वैली का इस्राईल में विलय करेंगे।