पेंशन में सुधार के लिए फ़्रांस सरकार की ओर से दी गई योजना के विरोध में फ़्रांस में विरोध प्रदर्शन बढ़ते जा रहे है जिसके चलते राष्ट्रपति भवन में आपातकालीन बैठक आहूत की गई है। फ़्रांसीसी राष्ट्रपति एमेनुएल मैक्रां और उनकी सरकार के सदस्य रविवार को पेरिस में राष्ट्रपति भवन में एकत्रित हुए। सरकार के पेंशन में सुधार कार्यक्रम के विरोध में फ़्रांस की राजधानी पेरिस सहित कई नगरों में प्रदर्शन हुए हैं।
फ्रांस के गृहमंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार 5 दिसंबर को होने वाले विरोध प्रदर्शनों में कम से कम 80000 लोगों ने भाग लिया था। कहा जा रहा है कि लाखों शिक्षकों, रेलवेकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने राष्ट्रपति मैक्रां द्वारा घोषित रिटायरमेंट पालिसी के विरुद्ध हड़ताल तेज़ कर दी है। फ़्रांस में पिछले एक साल से राष्ट्रपति मैंक्रां की आर्थिक नीतियों और पूंजीवादी व्यवस्था के विरुद्ध साप्ताहिक प्रदर्शनों का क्रम जारी है। फ़्रांस में जारी प्रदर्शनों के दौरान 11 से अधिक लोग हताहत और लगभग एक हज़ार घायल हो चुके हैं।