5 दिसंबर 2019 - 17:18
ईरान के साथ व्यापार प्रणाली से जुड़ने के लिए यूरोपीय देशों पर बरसे नेतनयाहू, ईरानी परमाणु बम का रोना रोया

इस्राईली प्रधान मंत्री बिनयामिन नेतनयाहू ने ईरान के साथ व्यापार के लिए तैयार किए गए नए मैकेनिज़म से जुड़ने के लिए यूरोपीय देशों की निंदा की है।

नेतनयाहू ने एक वीडियो जारी करके कहा है कि यूरोपीय देशों को ईरान के साथ व्यापार करने के लिए शर्म आनी चाहिए, इसलिए कि वे ऐसा करके परमाणु बम बनाने में तेहरान की मदद कर रहे हैं।

ग़ौरतलब है कि पिछले ही हफ़्ते यूरोपीय देशों, बेल्जियम, डेनमार्क, फ़िनलैंड, नीदरलैंड, नॉर्वे और स्वीडन ने एलान किया था कि वह अमरीकी प्रतिबंधों के बावजूद ईरान के साथ व्यापार के लिए तैयार की गई योजना से जुड़ रहे हैं।

ईरान के साथ किए गए परमाणु समझौते में शामिल यूरोप के तीन देशों, ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी ने व्यापारिक लेन-देन के लिए इंस्टैक्स नामक बैंकिंग प्रणाली की स्थापना की है।

इस प्रणाली से उन प्रतिबंधों से बचने की उम्मीद की जा रही है, जो अमरीका ने परमाणु समझौते से निकलने के बाद ईरान पर लागू किए हैं।

यूरोपीय देशों के ख़िलाफ़ बयान जारी करने के कुछ ही घंटों के बाद, नेतनयाहू ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प को फ़ोन किया और कथित ईरानी ख़तरे का रोना रोया।

ग़ौरतलब है कि अमरीका के परमाणु समझौते से निकल जाने और यूरोपीय देशों द्वारा अपने वादों पर अमल नहीं करने के जवाब में ईरान ने भी अपने वादों में कमी करते हुए यूरोनियम संवर्धन के प्रतिशत और भंडारण में वृद्धि कर दी है।

तेहरान ने चेतावनी दी थी कि अगर यूरोपीय देशों ने परमाणु समझौते को बचाने के लिए व्यवहारिक क़दम नहीं उठाया तो वह चरणबद्ध तरीक़े से अपने वादों में कमी करता रहेगा।