14 नवंबर 2019 - 11:40
इस्लामी जेहाद ने मिस्र की मध्यस्थता वाले इस्राईल के साथ संघर्ष विराम के लिए रखी शर्तें, इस्राईल के हमलों में अब तक 32 फ़िलिस्तीन

फ़िलिस्तीनी प्रतिरोध गुट इस्लामी जेहाद ने मिस्र की मध्यस्थता से इस्राईल के साथ संघर्ष विराम के लिए कुछ शर्तें रखीं और चेतावनी दी है कि अगर शर्तें नहीं मानी गयीं तो वह सीमा पार से रॉकेट से लगातार जवाबी हमले करता रहेगा।

इस्लामी जेहाद ने बुधवार को मिस्र की मध्यस्थता वाले इस्राईल के साथ संघर्ष विराम के लिए अपनी शर्तें रखीं। बुधवार को इस्राईल के ग़ज़्ज़ा पर हवाई हमलों में कम से कम 20 फ़िलिस्तीनी शहीद हुए।

इस्लामी जेहाद आंदोलन के नेता ज़्याद नख़ाला ने जो शर्तें रखी हैं उनमें टार्गेट किलिंग और ग़ज़्ज़ा की सीमा पर होने वाले प्रदर्शनों पर घातक हमले रुकना और ग़ज़्ज़ा की नाकाबंदी को ढील देने वाले क़दम उठना शामिल हैं।

अलमयादीन टीवी चैनल से इंटरव्यू में नख़ाला ने चेतावनी दी कि अगर संघर्ष विराम की शर्त नहीं मानी गयी तो इस्लामी जेहाद इस्राईल पर हमले जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि वह कुछ घंटों के भीतर क़ाहेरा की ज़बानी इस्राईल के जवाब का इंतेज़ार कर रहे हैं।

ज़्याद नख़ाला ने कहा कि संघर्ष विराम की शर्त न माने जाने पर इस्लामी जेहाद लंबे समय तक लड़ाई जारी रखने में सक्षम है।

इस्लामी जेहाद का कहना है कि उसने प्रतिरोध गुट के वरिष्ठ कमान्डर और उनकी बीवी की टार्गेट किलिंग और ग़ज़्ज़ा पर ज़ायोनी शासन के हवाई हमले  के जवाब में मंगलवार को अतिग्रहित इलाक़ों पर 360 रॉकेट फ़ायर किए जिससे तेल अवीव जैसे शहर में सन्नाटा छा गया।

इस्लामी जेहाद आंदोलन के नेता का यह बयान, मंगलवार को ग़ज़्ज़ा शहर और रफ़ह और ख़ान यूनुस इलाक़ों पर ज़ायोनी शासन के फ़ाइटर जेट की बम्बारी में कम से कम 32 फ़िलिस्तीनियों के शहीद होने के बाद, सामने आया है।