अब्दुल इलाह हिज्र ने अलमयादीन टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि सऊदी अरब, आरंभ से ही अपने राजदूत के माध्यम से कुछ यमनियों के संपर्क में था और अब वह अंसारुल्लाह संगठन से संपर्क की कोशिश में है। उन्होंने युद्ध समाप्ति के लिए यमन की कोशिशों पर बल दिया और कहा कि शांति स्थापना के लिए उठाया जाने वाला हर क़दम, यमन की शर्तों के आधार पर होना चाहिए और अगर हमलावर सऊदी गठजोड़ के उल्लंघन के कारण शांति स्थापित नहीं हो पाती है तो यमनी राष्ट्र का प्रतिरोध जारी रहेगा।
ज्ञात रहे कि बुधवार को एक सऊदी अधिकारी ने कहा था कि रियाज़, यमन के ख़िलाफ़ अपने युद्ध को समाप्त करने के लिए सनआ के साथ वार्ता कर रहा है। यमन के ख़िलाफ़ सऊदी अरब के युद्ध में अब तक 16 हज़ार से अधिक यमनी मारे जा चुके हैं जबकि दसियों हज़ार अन्य घायल हुए हैं। इन हमलों के कारण दसियों लाख यमनी बेघर हुए हैं।