हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार पवित्र नगर कर्बला, नजफ़ और बसरा में होने वाले प्रदर्शनों में शामिल लोग, वरिष्ठ धर्मगुरु आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली सीस्तानी की ओर से जारी किए गये रोड मैप के हक़ में नारे लगा रहे थे।
कर्बला में होने वाले प्रदर्शनों में शामिल प्रदर्शनकारियों ने जनसपत्ति को नुक़सान पहुंचाने और सुरक्षा बलों पर हमलों की निंदा करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प दोहराया।
पवित्र नगर नजफ़ में भी हज़ारों की संख्या में इराक़ी प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक नेतृत्व की आवाज़ पर सड़कों पर निकलकर प्रदर्शन किए जिसमें धार्मिक शिक्षा केन्द्रों के छात्रों और अध्यापकों ने भी भाग लिया।
धार्मिक शिक्षा केन्द्रों के छात्रों और धर्मगुरुओं का कहना था कि वह जनता की वैध और क़ानूनी मांगों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का समर्थन करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने घोषणा की कि अमरीका और इस्राईल, इराक़ी जनता की आर्थिक मांगों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को हाईजैक और दिगभ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।