30 अक्टूबर 2019 - 13:35
सावधान! इस्राईल, वाॅट्सएप के माध्यम से कर रहा है जासूसी, वाॅट्सएप ने मुक़द्दमा ठोंका

मैसेजिंग एप्लिकेशन वाॅट्सएप ने एक इस्राईली कंपनी पर पत्रकारों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की जासूसी का आरोप लगाया है।

अमरीका के सीबीसी टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार मैसेजिंग एप्लिकेशन वाॅट्सएप ने केलीफ़ोर्निया की फ़ेडरल अदालत में, ज़ायोनी शासन की इन्फ़ाॅरमेशन टेकनाॅलोजी कंपनी एन.एस.ओ. के ख़िलाफ़ मुक़द्दमा दायर करके कहा है कि इस कंपनी ने 1400 सेट्स पर माॅल वेयर लगा कर उनसे मूल्यवान सूचनाएं हासिल करने की कोशिश की है। मैसेजिंग एप्लिकेशन वाॅट्सएप की कंपनी के प्रमुख विल कैथकार्ट ने कहा है कि उक्त इस्राईली कंपनी ने इस बात से इन्कार किया है लेकिन हमने पूरी जांच करने और उसमें एन.एस.ओ. को लिप्त पाने के बाद ही मुक़द्दमा दर्ज किया है।

 

कैथकार्ट ने अपने एक ट्वीट में कहा है कि इस्राईली कंपनी दावा करती है कि वह पूरी ज़िम्मेदारी से सरकारों की सेवा कर रही है लेकिन हमने पिछले मई महीने में सौ से अधिक मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की पहचान की है जिन पर इस कंपनी ने साइबर हमले किए हैं। वाॅट्सएप ने अदालत में कहा है कि इस्राईली कंपनी ने ख़ास साॅफ़्ट वेयर्ज़ के माध्यम से एंड्रायड, आईओएस और ब्लैक बैरी के आप्रेटिंग सिस्टम वाले मोबाइल सेट्स में सेंध लगाई है और लोगों की सूचनाएं चोरी की हैं।