28 अक्टूबर 2019 - 13:51
कौन है अलबग़दादी के बाद दाइश का सरग़ना बनने वाला क्रूर क़रदाश? जानें दाइश के नए स्वयंभू ख़लीफ़ा के बारे में ...

दाइश से जुड़ी समाचार एजेंसी आमाक़ ने बताया है कि इस संगठन के सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी के मारे जाने के बाद नए सरग़ना का चयन कर लिया गया है।

आमाक़ ने कुछ देर पहले रिपोर्ट दी है किअबू बक्र अलबग़दादी ने अब्दुल्लाह क़रदाश को अपने उत्तराधिकारी के रूप में निर्धारित किया था। पांच साल से अलबग़दादी का कोई  चित्र सामने नहीं आया था और मीडिया ने कई बार उसके सीरिया या इराक़ में मारे जाने की ख़बरें दी थीं। 29 अप्रैल को दाइश के स्वयंभू ख़लीफ़ा ने 18 मिनट की एक वीडियो क्लिप जारी की जिसके बाद उसका नाम फिर ज़बानों पर आ गया था लेकिन अब सवाल यह है कि अब्दुल्लाह क़रदाश कौन है?

 

अरबी वेबसाइटों का कहना है कि क़रदाश, अबू बक्र अलबग़दादी के अत्यंत क़रीबी लोगों में से कए है जब दाइश का ख़लीफ़ा मूसिल में था तो क़रदाश उस शहर का हाकिम शरई या धार्मिक शासक था। वह इसी तरह अबू अला अलअफ़री के क़रीबी लोगों में से भी था, जिसे अलबग़दादी के घायल होने के दौरान अस्थायी रूप से दाइश का सरग़ना बनाया गया था। क़रदाश ने अलअफ़री के अल्पकालीन नेतृत्व के दौरान ही अपना बहुत ज़्यादा प्रभाव बढ़ा लिया था। दाइश की क़रीबी वेबसाइटों का कहना है कि क़रदाश का बाप, मशहूर तकफ़ीरी वक्ताओं में से एक था और उसने मूसिल पर दाइश का क़ब्ज़ा होने के बाद सबसे पहले अलबग़दादी का स्वागत किया था। एक अरबी वेबसाइट के मुताबिक़ क़रदाश, दाइश के सबसे क्रूर आतकियों में से एक है और स्वयं इस आतंकी गुट के सदस्यों के बीच अपनी क्रूरता व निर्दयता के लिए मशहूर है।

 

अब सवाल यह पैदा होता है कि अबू बक्र अलबग़दादी ने उसे अपने बाद दाइश का सरग़ना क्यों निर्धारित किया था? अश्शरक़ुल औसत समाचारपत्र ने कुछ समय पहले अपनी एक रिपोर्ट में लिखा था कि दाइश, अलक़ाएदा के रास्ते पर चलने का इरादा रखता है और अलबग़दादी भी जल्द भी उसामा बिन लादेन जैसा हो जाएगा। अबू बक्र अलबग़दादी पहले फ़ातेह नामक एक आतंकी गुट का सरग़ना था। बाद में उसे दाइश का मुखिया बना दिया गया था। लगता है कि क़रदाश की क्रूरता व निर्दयता ही को देख कर अलबग़दादी ने उसे अपना उत्तराधिकारी बनाने का फ़ैसला किया था।