23 अक्टूबर 2019 - 12:29
इस साल का अरबईन मार्च, इमाम हुसैन के मानने वालों के बीच गहरी एकता का परिचायक थाः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि इस साल का अरबईन मार्च, इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के मानने वालों के बीच गहरी एकता का परिचायक था।

डाॅक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार की शाम सांस्कृतिक क्रांति की उच्च परिषद की बैठक में कहा कि कुछ बरसों से अरबईन मार्च मुसलमानों और विशेष कर शियों के बीच एकता व एकजुटता के प्रतीक और एक महान घटना में बदल गया है। उन्होंने जनता के इस महान आध्यात्मिक आयोजन की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पदयात्रा में दसियों लाख लोगों की सम्मिलिति, जिसमें इमाम हुसैन के चाहने वाले लगभग 35 लाख ईरानियों ने भाग लिया, यह दर्शाती है कि लोग पैग़म्बरे इस्लाम के परिजनों विशेष कर इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम से कितना प्यार करते हैं और यह प्रेम दिन प्रति दिन बढ़ता ही जा रहा है। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि अरबईन मार्च का गहरा राजनैतिक प्रभाव भी है और दुश्मनों की ओर से इस क्षेत्र को अशांत व असुरक्षित दर्शाने की कोशिशों के बीच पूरी शांति व सुरक्षा से दसियों लाख लोगों का यह मार्च उनके प्रचारों को ग़लत सिद्ध कर देता है।

 

डाॅक्टर हसन रूहानी ने इस वैभवशाली मार्च में भाग लेने वालों की विविधता को भी बहुत अहम बताया और कहा कि अरबईन मार्च में हर जाति और हर राष्ट्र के लोग यहां तक कि ग़ैर शिया और ग़ैर मुस्लिम भी भाग लेते हैं और दुनिया इमाम हुसैन के चाहने और मानने वालों के बीच गहरे रिश्तों व अटूट एकता का दर्शन करती है। राष्ट्रपति ने अरबईन मार्च के बेहतर से बेहतर आयोजन के लिए ईरान व इराक़ के अधिकारियों के बीच समन्वय व सहयोग को अत्यंत प्रभावी बताया और कहा कि निश्चित रूप से दोनों देशों के अधिकारियों के आपसी समन्वय व सहयोग के कारण ही इस साल अरबईन मार्च में भाग लेने वालों की संख्या पहले से अधिक रही है। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं की मेज़बानी और सत्कार के लिए हम इराक़ के उच्चाधिकारियों, अधिकारियों और जनता का विशेष रूप से शुक्रिया अदा करते हैं।