19 अक्टूबर 2019 - 17:17
इस्राईली फ़ाइटर जेट ने लगातार 2 दिन लेबनान की वायु सीमा का उल्लंघन किया

ज़ायोनी सेना ने एक बार फिर लेबनान की वायु सीमा का उल्लंघन किया।

लेबनान की सेना ने देश की वायु सीमा के ज़ायोनी सेना के फ़ाइटर जेट द्वारा उल्लंघन होने की सूचना दी है।

न्यूज़ एजेंसी साना के मुताबिक़, लेबनानी सेना ने एक बयान में बताया कि शुक्रवार की शाम को ज़ायोनी सेना के 4 फ़ाइटर जेट दक्षिणी लेबनान के नाक़ूरा इलाक़े से लेबनान की वायु सीमा में दाख़िल हुए और इन फ़ाइटर जेट ने राजधानी बैरूत और उसके आस-पास के इलाक़ों पर उड़ान भरी और फिर दक्षिणी लेबनान से वापस लौट गए।

ग़ौरतलब है कि गुरुवार को भी ज़ायोनी फ़ाइटर जेट ने लेबनान की वायु सीमा का उल्लंघन किया था।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव नंबर 1701 में ज़ायोनी शासन को लेबनान के ख़िलाफ़ दुश्मनी भरी कार्यवाही से रोका गया है। यह प्रस्ताव 2006 में लेबनान पर इस्राईल द्वारा थोपी गयी 33 दिन की जंग के बाद पारित हुआ था। ज़ायोनी शासन इस प्रस्ताव की अनदेखी करते हुए लेबनान की न सिर्फ़ वायु बल्कि ज़मीनी और समुद्री सीमाओं का भी उल्लंघन करता है। लेबनान संयुक्त राष्ट्र संघ में इस्राईल के इस ग़ैर क़ानूनी कृत्य की बारंबार शिकायत और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से ज़ायोनी शासन के हमले को रुकवाने के लिए इस शासन पर दबाव डालने की अपील कर चुका है, इस्राईल अंतर्राष्ट्रीय अपील की अनदेखी करते हुए आए दिन लेबनान की सीमा का अतिक्रमण करता है।