15 अक्टूबर 2019 - 13:24
इस्राईल में बड़ा संकट... रूस पहुंचा सकता है बड़ा नुक़सान... पुतीन, इस्राईली मीडिया के निशाने पर ... कैसे एक इस्राईली लड़की और रू

इस्राईल डिफेन्स वेबसाइट और इसी तरह हिब्रू भाषा के सभी संचार माध्यमों ने एक ऐसे मामले पर चर्चा की है जो यूं देखने में तो दो नागरिकों और एक अपराध से जुड़ा हुआ नज़र आता है किंतु भीतर से देखने पर पता चलता है कि किस प्रकार से एक इस्राईली लड़की और एक रूसी नागरिक उस संकट के पीछे हैं जिसकी वजह से इस्राईल और रूस के संबंधों में असाधारण रूप से खटास पैदा हो गयी है।

इस्राईल डिफेन्स वेबसाइट के अनुसार मामला उस समय शुरु हुआ जब 25 वर्षीय इस्राईली नागरिक " नेमा यसेसकार" को रूस में कुछ महीने पहले मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया और फिर रूसी अदालत ने उसके खिलाफ, साढ़े सात साल के जेल की सज़ा सुनायी फिर इस प्रकार की खबर आयी कि रूसी सरकार ने अदालत से कहा कि उसकी सज़ा कड़ी की जाए ताकि इस्राईल में क़ैद, एक रूसी नागरिक की रिहाई के लिए दबाव बनाया जा सके जिसे साइबर क्राउम के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और अब उसे अमरीका के हवाले करने की तैयारी हो रही है।

इस पूरे मामले पर इस्राईली मीडिया में बेहद ध्यान दिया गया और सरकारी स्तर पर भी इस्राईली विदेशमंत्रालय ने एक बयान जारी करके कहा है कि इस्राईल, रूस में अपनी नागरिक के खिलाफ सुनाए जाने वाले अदालती फैसले पर बेहद गंभीरता के साथ विचार कर रहा है । इसके साथ ही एक वरिष्ठ इस्राईली अधिकारी ने अपना नाम न  लिखे जाने की शर्त पर इस्राईल डिफेन्स वेबसाइट को बताया है कि रूस ने " नेमा यसेसकार" के सिलसिले में सारी रेड लाइनें पार कर ली हैं ।

इसके साथ ही इस्राईल के प्रधानमंत्री नेतेन्याहू ने एक बयान जारी किया है जिसमें उनके कार्यालय ने ज़ोर दिया है कि प्रधानमंत्री नेतेन्याहू, " नेमा यसेसकार"  के मामले पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दे रहे हैं और इस बारे में रूसी राष्ट्रपति विलादमीर पुतीन से अपनी हालिया रूस यात्रा के दौरान, चर्चा भी की है।

इस्राईली समाचार पत्र हारित्ज़ ने मंगलवार के अपने संस्करण में लिखा है कि यह स्पष्ट है कि बंदियों का आदान प्रदान नहीं हो सकता क्योंकि इस्राईली अदालत की ओर से रूसी नागरिक " एलेक्सी बीरकयोफ" को अमरीका के हवाले किये जाने के फैसले पर पलटना संभव नहीं है। सूत्रों के अनुसार रूस की यात्रा से वापसी के बाद, नेतेन्याहू ने " नेमा यसेसकार" की मां को फोन किया और यह वादा किया कि " नेमा यसेसकार"  को परिवार में फिर से पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे।

हारित्ज़ ने लिखा है कि " एलेक्सी बोरकोफ" साइबर क्राउम में रूस से बाहर बंदी बनने वाले एकमात्र रूसी नागरिक नहीं हैं इस लिए यह समझ में नहीं आता कि रूस क्यों " नेमा यसेसकार"  को " एलेक्सी बोरकोफ" की आज़ादी के लिए प्रयोग करना चाहता है। ऐसा लगता है कि रूस ने खास तौर पर " नेमा यसेसकार" को पकड़ा है क्योंकि वह इस्राईल के साथ ही साथ अमरीका की भी नागिरक हैं और यह भी हो सकता है कि रूस किसी खास वजह से यह नहीं चाहता कि " बोरकोफ" अमरीकियों के हाथ लगे।

इन हालात में इस्राईली नेताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है। इस्राईली मंत्री " ज़ईफ अलकीन" ने रूस पर कड़ी टिप्पणी करते हुए " इस्राईल टूडे " समाचार पत्र से एक बातचीत में कहा है कि रूस के इस अपमानजनक व्यवहार के बाद मैंने अपनी बेटी से कहा कि वह रूस के आकाश के ऊपर से उड़ने वाले विमान में भी यात्रा न करे।

इस्राईली मीडिया में वरिष्ठ इस्राईली राजनीतिक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि इस संकट से इस्राईल और रूस के संबंधों को बड़ा नुक़सान पहुंच सकता है बल्कि यह एक अंतरराष्ट्रीय संकट भी बन सकता है क्योंकि इस संकट में अमरीका में भी शामिल हो सकता है।

इस्राईली समाचार पत्र हारित्ज़ ने लिखा है कि, रूसी नागरिक को रिहा कराने के लिए इस्राईली नागरिक " नेमा यसेसकार" को रूस द्वारा बंधक बनाए जाने का मामला नेतेन्याहू की सत्ता के पतन का एक मज़बूत कारण भी बन सकता है। समाचार पत्र ने आगे लिखा है कि इस्राईली प्रधानमंत्री और रूसी राष्ट्रपति के मध्य दुस्साहस पर आधारित मित्रता है जिसके गुण नेतेन्याहू गाते नहीं थकते लेकिन इस मित्रता की बात करते समय वह एक बहुत ही महत्वपूर्ण तथ्य भूल जाते हैं और वह यह कि विलादमीर पुतीन और उनकी सरकार, समाचार पत्र के अनुसार, तीसरी दुनिया और माफियाई संगठनों की शैली में चलती है।