डोनाल्ड ट्रम्प ने एक सम्मेलन में कहा कि अमरीका ने पश्चिमी एशिया में 8 ट्रिलियन डॅालर खर्च किया और अपने हज़ारों सैनिकों की जान गवां दी जबकि दूसरे पक्ष के कई लाख लोग मारे गये, अमरीका की सब से बड़ी गलती मध्य पूर्व में जाकर युद्ध करना है।
अमरीकी राष्ट्रपति ने यह भी स्वीकार किया कि मध्य पूर्व वर्तमान समय में, इराक़ पर अमरीकी चढ़ाई से पहले की तुलना में अधिक असुरक्षित व अशांत है।
ट्रम्प ने स्पष्ट रूप से कहा कि हम सीरिया में 10 बरसों तक रहे हैं और अब हम कभी न खत्म होने वाले युद्ध के चक्र से अपने सैनिकों को बाहर निकाल रहे हैं।
अमरीकी राष्ट्रपति ने उत्तरी सीरिया पर तुर्की के हमले के बारे में कहा कि हम से मांग की गयी कि हम सीरिया में कुर्दों के साथ मिल कर तुर्की से युद्ध करें लेकिन हम ने कहा कि हम एक पक्ष के खिलाफ किसी दूसरे पक्ष का समर्थन नहीं करेेंगे, हम ने कुर्दों की मदद की है और उन्हें काफी धन दिया है और अब वह अपनी भूमि की रक्षा कर रहे हैं यह बहुत अच्छी बात है।
याद रहे तुर्की ने अमरीका के ग्रीन सिगनल के बाद गत 9 अक्तूबर को आतंकवादियों से मुक़ाबले के बहाने उत्तरी सीरिया पर धावा बोल दिया है जो अब तक जारी है।
तुर्की की इस कार्यवाही की पूरी दुनिया में आलोचना हो रही है।
तुर्की के इस हमले में अब तक कई सौ लोग मारे जा चुके हैं।