13 अक्टूबर 2019 - 13:58
इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं की रक्षा व सेवा के लिए 40000 हश्दुश शाबी के जवान तैनात

इराक़ में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं की रक्षा और सेवा के लिए हश्दुश शाबी के 40000 जवान तैनात हो रहे हैं।

इराक़ी स्वयंसेवी बल हश्दुश शाबी की मध्य फ़ुरात कमान के कमान्डर अली हमदानी ने इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के चेहलुम में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की रक्षा और सेवा के लिए इस संगठन के 40000 जवानों की तैनाती की सूचना दी।

ब्रिगेडियर अली हमदानी ने बताया कि इस समय इराक़ी सशस्त्र बल के साथ हश्दुश शाबी के जवान बाबिल प्रांत के विभिन्न इलाक़ों से लेकर नजफ़ झील, कर्बला के मार्ग सहित कर्बला प्रांत के सभी इलाक़ों में तैनात हैं।

इस साल 19 अक्तूबर को इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का चेहलुम पड़ रहा है। चेहलुम सफ़र के महीने की 20 तारीख़ को होता है।

चेहलुम से कुछ दिन पहले, बड़ी संख्या में मुसलमानों सहित दूसरे धर्मों के अनुयायी, नजफ़ से कर्बला तक 80 किलोमीटर का रास्ता पैदल चलना शुरु कर देते हैं और इस तरह वे पैदल कर्बला पहुंचते हैं।

इस बीच ईरान के सीमा सुरक्षा बल के कमान्डर ब्रिगेडियर जनरल क़ासिम रेज़ाई ने सोमवार को बताया कि लगभग साढ़े 5 लाख  ईरानी श्रद्धालु शलम्चे, मेहरान, चज़्ज़ाबे और ख़ुसरवी सीमा से इराक़ पहुंच चुके हैं।

पिछले साल 1 करोड़ 40 लाख श्रद्धालु पैदल चल कर कर्बला पहुंचे थे। इमाम हुसैन का चेहलुम दुनिया की सबसे बड़ी धार्मिक सभा है।