13 अक्टूबर 2019 - 13:51
इमरान ख़ान-रूहानी के बीच बातचीत संपन्न, नेक नियत पर आधारित हर कोशिश का हम स्वागत करते हैः रूहानी

पाकिस्तानी प्रधान मंत्री इमरान ख़ान ने राष्ट्रपति रूहानी के साथ बातचीत को सार्थक बताया।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ईरान-सऊदी अरब के बीच बातचीत के लिए पूरी कोशिश करेगा।

पाकिस्तानी प्रधान मंत्री ने राष्ट्रपति हसन रूहानी के साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहाः "पाकिस्तान ईरान-सऊदी अरब के बीच तनाव नहीं चाहता। मुझे तेहरान-रियाज़ के बीच बातचीत में मदद करने में ख़ुशी हो रही है। मैं आशावान हूं क्योंकि ईरानी राष्ट्रपति के साथ मेरी बातचीत बहुत सार्थक रही।"

राष्ट्रपति रूहानी ने कहाः "नेक नियत पर आधारित हर कोशिश का हम स्वागत करते हैं। बैठक के दौरान हम क्षेत्रीय मुद्दों को कूटनीति और देशों के बीच बातचीत के ज़रिए हल करने पर सहमत हुए।"

इस बैठक में दोनों पक्षों ने फ़ार्स की खाड़ी की सुरक्षा पर बल दिया और तुरंत संघर्ष विराम व यमन जंग की समाप्ति को क्षेत्रीय मामलों के हल की कुंजी बताया।

राष्ट्रपति रूहानी ने इस बैठम में ईरानी जनता के ख़िलाफ़ अमरीकी पाबंदियों का ज़िक्र किया और कहा कि दोनों पक्षों ने इस बैठक में ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ अमरीकी पाबंदी को आर्थिक आतंकवाद माना और कहा है कि इस मामले के हल के लिए अमरीका को परमाणु समझौते में लौट आना और पाबंदियों को हटाना चाहिए।

पाकिस्तानी प्रधान मंत्री ने इस बैठक में अपने तेहरान दौरे का लक्ष्य क्षेत्र में नए तनाव और झड़प को रोकना बताया और कहा कि पिछले 15 साल से पाकिस्तान झड़पों की पीड़ा झेल रहा है और उसने आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में 70 हज़ार जानों की क़ुर्बानी दी है।

पाकिस्तानी प्रधान मंत्री ने कश्मीरी जनता के प्रति ईरान सरकार के समर्थन की भी सराहना की।

पाकिस्तानी प्रधान मंत्री का इस्लामी क्रान्ति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा ख़ामेनई से भी मुलाक़ात का कार्यक्रम है। वह मंगलवार को सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे।