11 अक्टूबर 2019 - 13:51
तेल टैंकर पर हमले के ज़िम्मेदार ख़मियाज़ा भुगतने के लिए तय्यार रहे, ईरान की चेतावनी

ईरान ने कहा है कि तेल टैंकर पर हमले का ख़तरनाक खेल शुरु करने वालों पर इसके अंजाम की ज़िम्मेदारी है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्बास मूसवी ने रेड सी में ईरानी तेल टैंकर पर हमले की प्रतिक्रिया में कहा कि इस हमले की नतीजे में क्षेत्र में पर्यावरण प्रदूषण सहित दूसरी ज़िम्मेदारियां इस ख़तरनाक खेल खेलने वालों के कांधे पर हैं।

उन्होंने कहा कि ईरान की राष्ट्रीय तेल कंपनी की जांच दर्शाती है कि शुक्रवार की सुबह लाल सागर के पूर्वी भाग में ईरानी तेल टैंकर गुज़रने वाले कोरिडोर के निकट आधे घंटे के अंतराल में 2 बार हमलों का निशाना बना जिससे इस तेल टैंकर को नुक़सान पहुंचा।

अब्बास मूसवी ने तेल टैंकर के नियंत्रण में होने का उल्लेख करते हुए कहा कि ख़ुश क़िस्मती से टैंकर के कर्मी दल को कोई नुक़सान नहीं पहुंचा और तेल टैंकर की हालत स्थिर है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में रेड सी में ईरानी तेल टैंकरों पर हमले हुए हैं जिनकी जांच जारी है।

अब्बास मूसवी ने ईरान के तेल टैंकर की टंकी से रिसने वाले तेल की वजह से क्षेत्र में पर्यावरण प्रदूषण पर चिंता जताते हुए कहा कि इस ख़तरनाक हमले में लिप्त तत्वों का पता लगाने के लिए जांच जारी है जिसके नतीजे का बाद में एलान होगा।