9 अक्टूबर 2019 - 14:22
भ्रष्टाचार पर छलका इमरान का दर्द, काश चीनी राष्ट्रपति का अनुसरण करते हुए 500 भ्रष्टाचारियों को जेल भेज सकता

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि वह चीनी राष्ट्रपति शि जिनपिंग के उदाहरण पर अमल कर सकते और पाकिस्तान में 500 भ्रष्टाचारियों को जेल में डाल देते।

बीजिंग में विश्व व्यापार के विस्तार के लिए स्थापित चाइना काउंसिल में पाकिस्तान और चीन के बीच व्यापार और पूंजीनिवेश के अवसरों पर आयोजित कांफ़्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमने देखा कि चीन ने किस प्रकार संघर्ष किया और अपनी ग़लतियों से सीखा और आज चीन दुनिया की तीव्र गति से विकास करने वाली अर्थव्यवस्थाओं में है।

इमरान ख़ान ने कहा कि चीन ने एक समय में पाकिस्तन से सीखा था लेकिन अब समय है कि पाकिस्तान, चीन से सीखे। उनका कहना था कि व्यक्तिगत रूप से मुझे जिस चीज़ ने चीन से प्रभावित किया वह 30 साल में 70 करोड़ लोगों को निर्धनता से निकालना था, यह मानव इतिहास में कभी नहीं हुआ।

दूसरी ओर पाकिस्तान और चीन के बीच कई समझौतों और सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर हुए। इन समझौतों का उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंधों को मज़बूत करना है।

पाकिस्तान और चीन ने सहमति जताई कि चीन – पाकिस्तान स्वतंत्र व्यापारिक समझौते के दूसरे चरण पर अमल से दोनों देशों के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था और पूंजीनिवेश के अवसरों में वृद्धि होगी।