कथित सीरियन डेमोक्रेटिक फ़ोर्सेज़ ने शनिवार को कहा कि वह पूर्वोत्तरी सीरिया में, तुर्की के किसी भी अकारण हमले का पूरी ताक़त से जवाब देने में तनिक भी नहीं हिचकिचाएगी।
इससे पहले तुर्क राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोग़ान ने अमरीका के साथ सीरिया में सेफ़ ज़ोन बनाने की समय सीमा ख़त्म होने पर पूर्वी फ़ुरात में ज़मीनी और हवाई हमले करने की धमकी दी थी।
उन्होंने शनिवार को एके पार्टी के वार्षिक कैंप में कहाः "हम वार्ता में शामिल लोगों को पूर्वी फ़ुरात के संबंध में सारी चेतावनी दे चुके हैं। हमने बहुत धैर्य से काम लिया है।"
अर्दोग़ान ने आगे कहाः "हमने तय्यारी कर ली है, हमने कार्यवाही की योजना बना ली है, ज़रूरी निर्देष दिए जा चुके हैं, आज या कल तक सैन्य कार्यवाही शुरु हो जाएगी।"
मंगलवार को रजब तय्यब अर्दोग़ान ने कहा कि सेफ़ ज़ोन बनाने के संबंध में तुर्की का अमरीका के साथ सब्र का पैमाना भर चुका है।
उन्होंने कहा कि अमरीका के साथ प्रगति न होने के मद्देनज़र, तुर्की के पास अब सीमावर्ती इलाक़ों से वाईपीजी के मिलिटेंट्स को खदेड़ने के सिवा कोई रास्ता नहीं है।
अगस्त में तुर्की की सीमा और सीरिया में अमरीका समर्थित मिलिटेंट्स के नियंत्रण वाले इलाक़े में अमरीका और तुर्की बफ़र ज़ोन बनाने पर सहमत हुये थे।
सीरिया ने इस कथित बफ़र ज़ोन को ख़ारिज करते हुए देश की एकता व अखंडता को नुक़सान पहुंचाने वाले किसी भी योजना की निंदा की थी।
अर्दोग़ान की ओर से सीरिया में घुसपैठ करने का सीधा इशारा, शुक्रवार को सीरिया में तुर्की द्वारा समर्थित मिलिटेंट्स की ओर से अंकारा के पूर्वोत्तरी सीरिया में संभावित हमले के समर्थन का वादा करने के बाद, सामने आया है।
तुर्की द्वारा समर्थित सीरियाई मिलिटेंट्स के सरग़ना सलीम इदरीस ने दक्षिण-पूर्वी तुर्की में प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहाः जब पूर्वी फ़ुरात की बात आएगी तो लड़ना हमारी ज़िम्मेदारी है।