विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी करके इराक़ के कुछ शहरों में हिंसा की छिट-पुट घटनाओं पर खेद प्रकट करते हुए इस बात का विश्वास जताया है कि इराक़ की सरकार और जनता सभी गुटों, दलों और अहम हस्तियों विशेष कर धर्मगरुओं व धार्मिक व राजनैतिक नेताओं के सहयोग से वर्तमान अशांत माहौल को शांत करने के लिए मैदान में उतरेगी और बाहरी शक्तियों को इस बात की अनुमति नहीं देगी कि वे इस स्थिति से ग़लत लाभ उठाएं।
ईरानी विदेश मंत्रालय ने इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के अरबईन के अवसर पर की जाने वाली वैभवशाली पदयात्रा के महत्व और इस कार्यक्रम को बेहतर से बेहतर ढंग से आयोजित किए जाने की ज़रूरत पर बल देते हुए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इराक़ के राजनेताओं व सुरक्षा अधिकारियों की सिफ़ारिशों पर पूरा ध्यान दें। ज्ञात रहे कि इराक़ की राजधानी बग़दाद समेत कुछ शहरों में देश की आर्थिक समस्याओं व बेरोज़गारी के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किए हैं। कुछ सूत्रों के अनुसार बग़दाद और ज़ीक़ार में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में दस लोग मारे गए हैं।