30 सितंबर 2019 - 17:52
जमाल ख़ाशुक़जी के हत्यारे, इंसाफ़ से भाग रहे हैंः अर्दोग़ान

तुर्की के राष्ट्रपति ने अपने एक लेख में कहा है कि सऊदी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी के हत्यारे, इंसाफ़ से भाग रहे हैं लेकिन तुर्की उनकी हत्या के सभी पहलुओं को स्पष्ट करने की कोशिश जारी रखेगा।

रजब तैयब अर्दोग़ान ने अमरीकी समाचारपत्र वाॅशिंग्टन पोस्ट में प्रकाशित होने वाले अपने लेख में कहा है कि सऊदी अरब के सरकार विरोधी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी के कुछ हत्यारे इंसाफ़ से भाग रहे हैं। उन्होंने लिखा है कि उनका देश पिछले साल इस्तंबोल में सऊदी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के पीछे छिपा सच सामने लाने की कोशिश करता रहेगा। उन्होंने कहा कि तुर्की अब भी यह जानना चाहता है कि ख़ाशुक़जी का शव कहां है और यह काम किसने किया था? अर्दोग़ान ने बताया कि यह हत्या सऊदी अरब में पर्दे के पीछे छिपे हुए एजेंट्स ने की है। उन्होंने लिखा है कि सऊदी एजेंट्स के हाथों पत्रकार की हत्या, 21वीं सदी की सबसे प्रभावी और विवादित घटना है।

 

तुर्की के राष्ट्रपति ने लिखा है कि उनका देश पूछता रहेगा कि जमाल ख़ाशुक़जी के शव के बाक़ी बचे हिस्से कहां हैं? उनकी हत्या के आदेश पर किसने हस्ताक्षर किए थे और किसने 2 विमानों में सवार 15 हत्यारों को इस्तंबोल पहुंचाया था? उधर सऊदी अरब के युवराज मुहम्मद बिन सलमान ने अमरीका के सीबीएस टीवी से बात करते हुए कहा है कि उन्होंने जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या का आदेश नहीं दिया है लेकिन देश के नेता होने के नाते उन्होंने पत्रकार की हत्या की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि जब सऊदी सरकार के लिए काम करने वाले अधिकारियों की ओर से सऊदी नागरिकों के ख़िलाफ़ कोई अपराध किया जाए तो एक नेता के रूप में मुझे निश्चित रूप से उसकी ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए और निश्चित रूप से यह एक ग़लती थी। मुहम्मद बिन सलमान ने कहा कि इस संबंध में जांच जारी है और अपराधी को, चाहे वह जिस स्तर का हो, अवश्य दंडित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की ग़लती को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।