डॉक्टर हसन रूहानी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें अधिवेशन में भाग लेने के बाद, शुक्रवार को तेहरान पहुंचने पर पत्रकारों से कहा कि पाबंदी और अत्यधिक दबाव से दूषित माहौल में यहां तक गुट पांच धन एक के फ़्रेकवर्क में भी ईरान बातचीत नहीं करेगा।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन के अवसर पर विभिन्न देशों के अधिकारियों के साथ विस्तृत भेंटवार्ता की ओर इशारा करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति व अधिकारी ऐसा नहीं है जो परमाणु समझौते जेसीपीओए से अमरीका के निकलने की भर्त्सना न करता हो और सभी ने कहा कि अमरीका का जेसीपीओए से निकलना ग़लत है।
ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि योरोप, एशिया और अफ़्रीक़ा सहित दुनिया के बड़े बड़े अधिकारियों ने ईरानी शिष्टमंडल से मुलाक़ात का निवेदन किया और जितना समय रहा उसमें ईरानी राष्ट्र की सत्यता व मज़लूमियत का संदेश विश्व समुदाय तक पहुंचाया गया।
डॉक्टर हसन रूहानी ने बल दिया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन के अवसर पर विभिन्न पक्षों को यह समझाया गया कि ईरान दूषित माहौल में बातचीत नहीं करेगा।
ग़ौरतलब है कि ईरानी राष्ट्रपति सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन में भाग लेने न्यूयॉर्क पहुंचे जहां उन्होंने महसभा में भाषण देने के अलावा क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ईरान के दृष्टिकोण की व्याख्या की और विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों व अधिकारियों सें भेंटवार्ता की।