रूस का अंतरिक्षयान बुधवार को 6 घंटे की यात्रा के बाद यूएई के हज्ज़ा अल-मंसूरी को लेकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचा।
इस ऐतिहासिक यात्रा पर अल-मंसूरी के साथ रूस वैज्ञानिक ओलेग स्क्रपोचका और नासा की अंतरक्षि यात्री जेसिका मीर भी मौजूद थीं।
नासा ने ट्वीट करके बताया कि यह तीनों अंतरिक्ष में स्थित लैब में पहुंचे, जहां पहले से ही उनके तीन साथी मौजूद थे।
35 वर्षीय अल-मंसूरी को अपना यह सपना पूरा करने के लिए दुनिया भर से काफ़ी लोगों का समर्थन हासिल हुआ।
दुबई स्थित मोहम्मद बिन राशिद अंतरिक्ष केन्द्र पर कज़ाख़िस्तान के बेकनूर अंतरिक्ष केन्द्र से अंतरिक्षयान के लॉंच होने का दृश्य देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी, लोग अपने नेश्नल हीरो अल-मंसूरी का अभिवादन कर रहे थे।
दुनिया की सबसे ऊंची इमारत और दुबई का प्रतीक बुर्ज ख़लीफ़ा लांच के समय रंग बिरंगी रोश्नियों से जगमगा उठी।
अल-मंसूरी 8 दिनों तक अंतरिक्ष में रहेंगे और वे अंतरिक्ष स्टेशन में पहुंचने वाले पहले इमाराती और पहले अरब बन गए हैं, लेकिन वह पहले मुसलमान नहीं हैं।
पेशे से युद्धक विमान पायलट ने अंतरिक्ष में जाने से पहले कहा, आज मैं अपने देश वासियों के सपनों को एक नया आयाम देने जा रहा हूं, अल्लाह इस मिशन में मेरी मदद करे।