25 सितंबर 2019 - 14:44
तो बगदाद में मिलेंगे ईरानी व सऊदी नेता? इराक़ी प्रधानमंत्री सऊदी अरब में, मध्यस्थता या संदेश... क्या है मिशन?

इराक़ के प्रधानमंत्री सऊदी अरब पहुंच गये हैं। इस यात्रा का एक उद्देश्य, क्षेत्र में शांति स्थापना में सहयोग बताया गया है।

सोमरिया न्यूज़ एजेन्सी ने बताया है कि इराक़ी प्रधानमंत्री के कार्यालय ने मंगलवार की रात एक बयान जारी करके बुधवार को आदिल अब्दुलमेहदी की सऊदी यात्रा की सूचना दी है। इस अवसर पर वह सऊदी प्रिंस, सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ और क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान से भेंट करेंगे।

बयान के अनुसार, इस यात्रा के दौरान, दोनों देशों के संबंधों, क्षेत्रीय परिस्थितियों, क्षेत्र में तनाव कम करने और खतरों को कम करने में इराक़ की स्थाई भूमिका पर चर्चा होगी।

इसी मध्य लेबनान के अलमयादीन टीवी चैनल ने बताया है कि इराक़ के प्रधानमंत्री, तेहरान और रियाज़ के बीच मध्यस्थता करने वाले हैं। लेबनान के ही अलअखबार समाचार पत्र ने बताया है कि इराक़ी प्रधानमंत्री शांति योजना का एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर रियाज़ गये हैं जिसके बारे में यमनी अधिकारियों ने हालिया दिनों में कुछ बात की थी। इसी प्रकार इराक़ के " बगदाद अलयौम" समाचार पत्र ने बताया है कि इराक़ी प्रधानमंत्री आदिल अब्दुलमेहदी इस यात्रा में तेहरान और रियाज़ के मध्य तनाव कम करने की कोशिश करेंगे।

अलमयादीन न्यूज़ चैनल ने अपने " विश्वस्त " सूत्रों के हवाले से बताया है कि आदिल अब्दुलमेहदी, सऊदी अरब और ईरान के राष्ट्राध्यक्षों की बगदाद में भेंट कराने का प्रयास कर रहे हैं।  

अलअखबार समाचार पत्र ने लिया है कि सब से अधिक महत्वपूर्ण, इस यात्रा का समय है। यह यात्रा ऐसी दशा में हो रही है कि जब यह खबरें मिल रही हैं कि फार्स की खाड़ी में तनाव और संभावित युद्ध को रोकने के लिए विश्व स्तर पर प्रयास तेज़ हो गये हैं।

एक महीने पहले इराक़ के " अद्दावा" दल ने फार्स की खाड़ी के देशों से मांग की थी कि वह आपसी ताल मेल से संकट और तनाव का समाधान खोजें। दर अस्ल, सऊदी अरब , क्राउन प्रिंस बिन सलमान की नादानी और यूएई के क्राउन प्रिंस बिन ज़ायद की चतुराई की वजह से, यमन सहित कई संकटों में बुरी तरह से फंस गया है और ईरान की मदद के बिना इनमें से किसी भी संकट से निकलना उसके लिए संभव नहीं है।