शनिवार को लेबनान के अलमयादीन टीवी चैनल से इंटरव्यू में इराक़ी सांसद व इराक़ के फ़त्ह धड़े के प्रवक्ता अहमद अलअसदी ने कहा कि इस्राईल का हमला, एलाने जंग है।
उन्होंने इस्राईल को अतिग्रहणकारी अस्तित्व और इराक़ का दुश्मन बताते हुए कहा कि कोई भी संधि इराक़ को इस अवैध वजूद के ख़िलाफ़ जंग को नहीं रुकवा पाएगी।
अलअसदी ने कहा कि सरकार द्वारा समर्थित स्वयंसेवी बल हश्दुश्शाबी देश की सुरक्षा का अंग है जो इस्राईल पर जवाबी कार्यवाही में भाग लेगा।
अहमद अलअसदी ने ड्रोन हमलों के बाद स्वयंसेवी बल के पूरी तरह चौकस रहने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संगठन देश की वायु सीमा की रक्षा के लिए रूस, चीन और ईरान से एयर डिफ़ेन्स सिस्टम की प्राप्ति के लिए बात कर रहा है।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है कि हश्दुश्शाबी कई हमलों का निशाना बना है, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि इस्राईल ने ये हमले किए हैं।