16 सितंबर 2019 - 17:05
फ़ार्स की खाड़ी, ओमान सागर और हुर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा ईरान की ज़िम्मेदारी हैः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि फ़ार्स की खाड़ी, ओमान सागर और हुर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा सुनिश्चित बनाना ईरान अपनी ज़िम्मेदारी समझता है।

डाॅक्टर हसन रूहानी ने सोमवार को अन्कारा में ईरान, रूस व तुर्की के राष्ट्राध्यक्षों के त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन के अवसर पर अपने तुर्क समकक्ष रजब तैयब अर्दोग़ान से मुलाक़ात में कहा कि दोनों देश विभिन्न परिस्थितियों में एक दूसरे के साथ खड़े रहे हैं और ईरान व तुर्की समस्याओं के बावजूद अपने आर्थिक संबंधों को जारी रखेंगे। उन्होंने इस बात पर बल देते हुए कि अपनी राष्ट्रीय मुद्रा में ईरान व तुर्की के व्यापारिक सहयोग में विस्तार से दोनों देशों के आर्थिक संबंध ऊंचाई पर जाएंगे, कहा कि ईरान संयुक्त परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तुर्की के पूंजी निवेशकों और निजी सेक्टर का स्वागत करता है। राष्ट्रपति ने कहा कि फ़ार्स की खाड़ी, ओमान सागर और हुर्मुज़ स्ट्रेट जैसे क्षेत्र के जल मार्गों की सुरक्षा, सबसे बड़े तटवर्ती देश के रूप में ईरान की ज़िम्मेदारी है और वह क्षेत्र के जलमार्गों की रक्षा का कर्तव्य निभाता रहेगा। राष्ट्रपति रूहानी ने यमन पर हमलों को अमरीका के ग़लत समीकरणों का परिणाम बताया और कहा कि सभी को इस बात की कोशिश करनी चाहिए कि संयुक्त राष्ट्र संघ के सहयोग से यमन में शांति व स्थिरता बहाल हो जाए।

 

इस मुलाक़ात में तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान ने भी ईरान व तुर्की के पुराने, मैत्रिपूर्ण व आगे की ओर अग्रसर संबंधों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मुद्रा में दोनों देशों के व्यापारिक सहयोग में काफ़ी वृद्धि हुई है और यह प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका के प्रतिबंध ग़ैर सार्थक हैं, कहा कि ईरान व तुर्की कड़े दिनों में एक दूसरे के साथ रहे हैं और आगे भी रहेंगे।