15 सितंबर 2019 - 17:09
ईरान के सुझावों को स्वीकार करके यमन संकट को समाप्त किया जा सकता हैः ज़रीफ़

ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि अगर तेहरान के सुझावों को स्वीकार कर लिया जाए तो यमन संकट को हल किया जा सकता है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ट्वीट करके अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो को संबोधित करते हुए लिखा है कि, ज़्यादा से ज़्यादा दबाव की नीति में मिली नाकामी के बाद माइक पोम्पियो अधिक से अधिक धोखा देने की नीति पर उतर आए हैं। जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि अमेरिका और उसके पिछलग्गू इस भ्रम के कारण यमन में फंस गए हैं क्योंकि वे सोचते हैं कि  हथियारों का भंडार एकट्ठा करने लेने से कोई भी युद्ध जीता जा सकता है।

ईरानी विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ का कहना था कि ईरान पर आरोप लगाने से यमन संकट समाप्त होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि यमन युद्ध की समाप्ति और वार्ता के संबंध में तेहरान द्वारा पेश किए गए सुझावों को अगर स्वीकार कर लिया जाए तो यमन संकट समाप्त हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी विदेश मंत्री ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल कंपनी अराम्को के प्रतिष्ठानों पर हुए यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों द्वारा किए गए जवाबी हमलों के बाद यह दावा किया है कि सऊदी अरब में हुए ड्रोन हमलों के पीछे ईरान का हाथ है।