ब्रिटेन द्वारा जिब्राल्टर स्ट्रैट में ईरान के तेल टैंकर को अकारण रोके जाने पर, तेहरान-लंदन के बीच कूटनैतिक संपर्क के बाद, ब्रितानी मीडिया में इस तेल टैंकर के जल्द छोड़े जाने की रिपोर्ट सामने आयी थी लेकिन अब जिब्राल्टर सरकार का कहना है कि अमरीका ईरानी तेल टैंकर ग्रेस-1 को अपने क़ब्ज़े में लेने की कोशिश कर रहा है। जिब्राल्टर ब्रिटेन का समुद्रपार क्षेत्र है।
जिब्राल्टर सरकार ने एक बयान में कहाः अमरीकी क़ानून विभाग ने विभिन्न आरोप में ग्रेस-1 को अपने क़ब्ज़े में लेने का आवेदन किया है जिस पर विचार हो रहा है।
इस बयान के अनुसार, इस मामले पर जिब्राल्टर का सुप्रीम कोर्ट गुरुवार को ग्रीनविच टाइम के अनुसार, 4 बजे सुनवायी करने वाला था।
अमरीका ने, ब्रिटिश क्षेत्र जिब्राल्टर में अदालत द्वारा ग्रेस-1 को रोके रखने की अवधि बढ़ाने या न बढ़ाने के बारे में फ़ैसला आने से पहले, यह निवेदन किया है।
बुधवार की रात को ब्रिटिश अख़बार द सन ने रिपोर्ट में बताया था कि जिब्राल्टर के मुख्य मंत्री फ़ैबियन पिकार्डो गुरुवार को अदालत में सुनवाई के दौरान जज से सुपरटैंकर को रोके रखने की अवधि बढ़ाने के लिए नहीं कहेंगे।
जिब्राल्टर क्रॉनिकल ने मुख्य न्यायधीष एन्टनी डडली के हवाले से कहा कि अगर अमरीका का निवेदन न होता तो जहाज़ जलयात्रा के लिए रवाना हो चुका होता। इस अख़बार के अनुसार, ग्रेस-1 तेल टैंकर के कैप्टन और 3 अफ़्सरों को रिहा कर दिया गया है।