लेवान जगारियान ने शनिवार को आईआरआईबी से बात करते हुए कहा कि अमरीका, सैन्य गठबंधन के माध्यम से फ़ार्स की खाड़ी में अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर सकेगा। उन्होंने कहा कि अमरीका के इस प्रस्ताव का अधिकतर पश्चिमी देशों यहां तक कि स्वयं अमरीका के घटकों ने भी विरोध किया है। तेहरान में रूस के राजदूत ने इसी तरह ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ को प्रतिबंधित करने के अमरीका के हालिया क़दम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अमरीकी नहीं चाहते कि कूटनीति का दरवाज़ा खुला रहे।
लेवान जगारियान ने सीरिया में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति के बारे में कहा कि इस देश में अमरीका की सैन्य उपस्थिति ग़ैर क़ानूनी है और माॅस्को, वाॅशिंग्टन से मांग करता है कि वह सीरिया से निकल जाए। तेहरान में रूस के राजदूत ने सीरिया में ईरान व रूस के सहयोग के भविष्य के बारे में कहा कि सीरिया में तेहरान व माॅस्को के बीच अच्छा सहयोग है और दोनों पक्ष इसे जारी रखेंगे। उन्होंने दोनों देशों के व्यापारिक लेन-देन के बारे में कहा कि जो युक्तियां सोची गई हैं उनके माध्यम से ईरान व रूस का आपसी व्यापारिक लेन-देन दो अरब डाॅलर से अधिक तक पहुंच जाएगा।