7 अगस्त 2019 - 13:53
अमरीकियों को यह बात समझ में आ गयी है कि ईरान पर पाबंदी लगा कर कुछ हासिल होने वाला नहीं हैः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि अमरीका ईरानी राष्ट्र की स्वाधीनता को ख़त्म करने में निराश हो चुका है।

उन्होंने कहा कि अमरीकियों को यह बात समझ में आ गयी है कि ईरान पर पाबंदी लगा कर कुछ हासिल होने वाला नहीं है।

डॉक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को तेहरान में एक समारोह में ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ अमरीका द्वारा थोपी गयी अन्यायपूर्ण पाबंदियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश के विद्वान व मेधावी, पाबंदियों को अवसर में बदल सकते हैं।

उन्होंने अमरीकी ड्रोन विमान के निशाना बनाए जाने को ईरानी कला बताते हुए कहा कि ईरानी उपकरण से अमरीकी ड्रोन को निशाना बनाए जाने का मज़ा ही कुछ और है।

ईरानी राष्ट्रपति ने बल दिया कि ईरान दुनिया के साथ संपर्क व संबंध चाहता है लेकिन जो भी देश की सीमा का अतिक्रमण करेगा, उसे कठोर जवाब मिलेगा।