4 अगस्त 2019 - 18:18
अफ़ग़ानिस्तान की कोई भी शांति वार्ता, काबुल को केंद्र मान कर की जाएः लारीजानी

ईरान के संसद सभापति ने कहा है कि तेहरान अफ़ग़ानिस्तान के बारे में उसी शांति वार्ता को औपचारिक रूप से स्वीकार करता है जो अफ़ग़ान सरकार व राष्ट्र को केंद्र मान कर की जाए।

डाॅक्टर अली लारीजानी ने अफ़ग़ानिस्तान की सेनेट के प्रमुख फ़ज़्ल हादी मुस्लिमयार के साथ तेहरान में एक संयुक्त पत्रकार सम्मेलन में कहा कि अफ़ग़ानिस्तान, ईरान का मित्र, पड़ोसी और बंधु देश है और वह हमेशा इस देश की सरकार की सम्मिलिति से होने वाली शांति वार्ता का समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि ईरान हमेशा अफ़ग़ान जनता व राष्ट्र के साथ खड़ा है और इस देश की स्वाधीनता, अखंडता और सुरक्षा का समर्थन करता रहेगा। इस अवसर पर अफ़ग़ानिस्तान की सेनेट के प्रमुख फ़ज़्ल हादी मुस्लिमयार ने अपने देश की सरकार व जनता का समर्थन करने पर ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता, सरकार और जनता का आभार प्रकट किया और कहा कि ईरान ने हमेशा अफ़ग़ानिस्तान का साथ दिया है।

 

अफ़ग़ानिस्तान की सेनेट के प्रमुख फ़ज़्ल हादी मुस्लिमयार ने इसी तरह ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ से भी मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में दोनों नेताओं ने ईरान व अफ़ग़ानिस्तान के आपसी सहयोग के बारे में बात की। अफ़ग़ान सेनेट के प्रमुख ने दोनों देशों की भाषाई, सांस्कृतिक, ऐतिहास और धार्मिक समानताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनका देश सभी क्षेत्रों में तेहरान व काबुल के बीच सहयोग में विस्तार का इच्छुक है।