4 अगस्त 2019 - 18:16
दोस्त दोस्त न रहा...यमन से पल्ला छुड़ाकर क्यों भागा यूएई?

अबूधाबी के क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन ज़ायद के पूर्व सलाहकार अब्दुल ख़ालिक़ अब्दुल्लाह ने कहा है कि इमारात के लिए यमन युद्ध अब समाप्त हो चुका है।

यूएईए में कट्टरपंथी छवि रखने वाले और अबूधाबी के क्राउन प्रिंस के पूर्व सलाहकार का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें उनका कहना था कि इमारात के लिए यमन युद्ध समाप्त हो चुका है।

अरबी-21 वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार बिन ज़ाएद के पूर्व सलाहकार अब्दुल ख़ालिक अब्दुल्लाह ने कल घोषणा की थी कि यमन युद्ध संयुक्त अरब इमारात के लिए समाप्त हो चुका है। यह बयान ऐसी स्थिति में सामने आया है कि यमन युद्ध से सूडान और इमारात अपने अपने कुछ सैनिकों को निकाल रहे हैं।

अब्दुल ख़ालिक़ अब्दुल्लाह ने ट्वीटर हैंडल पर लिखा कि यमन युद्ध, संयुक्त अरब इमारात के लिए समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब इमारात, यमनी राष्ट्र के साथ सुलह और शांति के लिए अपने समस्त राजनैतिक व कूटनयिक दबावों का प्रयोग करेगा।

संयुक्त अरब इमरात में यमन युद्ध की समाप्ति के बारे में अब्दुल्लाह का बयान, यूएई के विदेशमंत्रालय के वरिष्ठ सलाहकार अनवर क़रक़ाश के बयान से बहुत निकट है जिसमें उन्होंने कहा कि यमन में नई रणनीति के बारे में अबूधाबी और रियाज़ में सहमति हो गयी है।

ज्ञात रहे कि अब्दुल्लाह का यह ट्वीट, पिछले मंगलवार को ईरान और यूएई के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मुलाक़ात के बाद सामने आया जिसमें दों पक्षों ने समुद्री सीमाओं की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए।

अब्दुल ख़ालिक़ अब्दुल्लाह ने शनिवार को ही एक अन्य ट्वीट में यमन की त्यागपत्र दे चुकी सरकार के अधिकारियों पर जिनको कुछ अरब देशों ने मुस्लिम ब्रदरहुड्स से संपर्क की वजह से ब्लैक लिस्ट कर दिया था, आरोप लगाया और कहा कि यह लोग क़तरी मीडिया के बहकावे में आ गये हैं।

उन्होंने इन लोगों को यूएई का छिपा दुश्मन क़रार दिया और कहा कि यह लोग इमारात से मुक़ाबले और यमन में अबूधाबी की भूमिकाओं और कार्यवाही को तबाह करने के प्रयास में हैं।