"अश्शर्क़" न्यूज़ वेबसाइट ने लिखा है कि यद्यपि संयुक्त अरब इमारात ने तेहरान के लिए शांति का संदेश भेजा है लेकिन उसने ओमान के विदेश मंत्री यूसुफ़ बिन अलवी की ईरान यात्रा पर चिंता प्रकट की है और यह बात क्षेत्र में इमारात के राजनैतिक व प्रचारिक चैनलों में स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। वेबसाइट ने इस यात्रा पर अबूधाबी के युवराज के सलाहकार अब्दुल ख़ालिक अब्दुल्लाह की आलोचना की तरफ़ इशारा करते हुए लिखा है कि यह आलोचना ऐसे समय में की गई है जब अबू धाबी कोशिश कर रहा है कि तेहरान के साथ किसी सहमति तक पहुंच जाए। इसका कारण यह है कि वह देख रहा है कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ईरान के साथ युद्ध शुरू करने के मामले में बुरी तरह से अपमानित हो चुके हैं।
"अश्शर्क़" न्यूज़ वेबसाइट ने संयुक्त अरब इमारात के विरोधाभासी व्यवहार का उल्लेख करते हुए लिखा है कि वह एक ओर तो ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध शुरू करवाने की कोशिश कर रहा है और दूसरी ओर गुप्त रूप से ईरान के साथ शांति स्थापित करना चाहता है। एक अरब टीकाकार मुहम्मद अलअरीमी ने भी लिखा है कि ओमान की नीति इस देश के मंझे हुए राजनितिज्ञों के तर्कसंगत व्यवहार का परिणाम है और वे कभी भी उन देशों जैसा रुख़ नहीं अपनाते जो क्षेत्र में आग भड़काने की कोशिश में हैं। यह नीति उन देशों को चार शताब्दी पीछे ले जाएगी।