28 जुलाई 2019 - 13:49
तेहरान, अमेरिका से किसी भी स्थिति में वार्ता नहीं करेगा और युद्ध की धमकी एक चाल हैः हुसैन देहक़ान

हुसैन देहक़ान ने कहा कि ट्रंप को भी इस बात का विश्वास है कि वह ईरान के साथ वार्ता के संबंध में झूठ बोल रहे हैं

ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के सलाहकार और पूर्व रक्षामंत्री ने कहा है कि तेहरान किसी भी स्थिति में अमेरिका से वार्ता नहीं करेगा और युद्ध की धमकी एक चाल है। ब्रिगेडियर हुसैन देहकान ने एक साक्षात्कार में कहा कि ट्रंप को ईरान से संबंधों की अत्यंत आवश्यकता है और इस कार्य के लिए वह बड़ी विशिष्टता देने के लिए भी तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि ट्रंप ने एक समय में ईरान से संपर्क के लिए अपने फोन नंबर की घोषणा की थी और उसके बाद उन्होंने ईरान को धमकी दी। उन्होंने कहा कि ट्रंप और उनकी टोली ने ईरानोफोबिया को अपनी कार्यसूची में शामिल कर रखा है और इस बात को स्वीकार नहीं किया जा सकता है कि उनकी बात सही और सच्ची है।

उन्होंने कहा कि ट्रंप को भी इस बात का विश्वास है कि वह ईरान के साथ वार्ता के संबंध में झूठ बोल रहे हैं क्योंकि जो व्यक्ति वार्ता करना चाहता है वह न झूठ बोलता है और न प्रतिबंध लगाता है, न एक राष्ट्र पर कड़ा से कड़ा आर्थिक दबाव डालता है।

उन्होंने कहा कि परमाणु समझौता सहित कई विषयों के बारे में हमने अमेरिका से वार्ता की और अमेरिका की कानूनी सरकार पर कुछ प्रतिबद्धताएं थीं परंतु अमेरिकी सरकार उनके प्रति प्रतिबद्ध नहीं रही। इसी प्रकार उन्होंने कहा कि वार्त के बारे में न अमेरिकी और न दूसरे देश ट्रंप की बात पर विश्वास करते हैं और हमने घोषणा कर दी है कि हम किसी भी स्थिति में ट्रंप सरकार से वार्ता नहीं करेंगे।