27 जुलाई 2019 - 12:29
ईरान जाना चाहता हूंः अमरीकी विदेश मंत्री पोम्पियो

अमरीका के विदेश मंत्री ने एक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए कहा है कि वे ईरान की यात्रा करना चाहते हैं।

माइक पोम्पियो ने ब्लूमबर्ग से बात करते हुए कहा कि निश्चित रूप से अगर ज़रूरी हो तो वे बड़ी प्रसन्नता के साथ ईरान की यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि ऐसा कोई मौक़ा हो और वे ईरान की यात्रा करें अलबत्ता प्रचारिक बातों के लिए नहीं बल्कि ईरानी जनता को तथ्यों से अवगत कराने क लिए और यह बताने कि उनके नेताओं ने क्या किया है और किस प्रकार इस बात ने ईरान को नुक़सान पहुंचाया है।

 

ज्ञात रहे कि माइक पोम्पियो ने, अमरीका के विदेश मंत्री बनने से पहले जब वे कन्सास राज्य से सेनेट के सदस्य थे, दो अन्य सेनेटरों के साथ जनवरी सन 2016 में ईरान के हितों के रक्षक कार्यालय से इस देश के वीज़ा की अर्ज़ी दी थी जिसे ईरान ने रद्द कर दिया था। पोम्पियो ने ऐसी स्थिति में ईरानी जनता से बात करने संबंधी बयान दिया है जब अमरीकी सरकार ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ अत्यंत अपमानजक शब्दों का प्रयोग करती है और उसने ईरान के ख़िलाफ़ अत्यंत कड़ी नीति अपना रखी है।

 

अमरीका के वर्तमान राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने वाइट हाउस में प्रवेश के बाद जो सबसे पहले फ़ैसले किए थे उनमें से एक ईरान व कुछ अन्य मुस्लिम देशों के नागरिकों के अमरीका में प्रवेश पर प्रतिबंध का था। इस लिस्ट में सऊदी अरब का नाम नहीं था जिसके 15 नागरिक 9/11 की घटना में शामिल थे।