इस अवसर पर राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि तेहरान-बग़दाद के बीच बहुआयामी संबंधों में दिन प्रतिदिन विस्तार के लिए प्रभावी क़दम उठते रहेंगे।
उन्होंने सोमवार की शाम तेहरान में इराक़ी प्रधान मंत्री की अध्यक्षता में इस देश के शिष्टमंडल की बैठक में दोनों देशों के बीच संबंध व सहयोग को क्षेत्र के मौजूदा हालात में बहुत अहम बताया। ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे समय जब क्षेत्र में ज़रूरी स्थिरता व सुरक्षा नहीं है, तेहरान-बग़दाद संबंधों में विस्तार से क्षेत्र में सुरक्षा व स्थिरता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ईरानी राष्ट्रपति ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि इस्लामी गणतंत्र क्षेत्र में या दूसरे देशों के साथ तनाव बढ़ाना नहीं चाहता, बल दिया कि ईरान कभी भी जंग शुरु नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि पूरे इतिहास में ईरान फ़ार्स की खाड़ी, हुर्मुज़ स्ट्रेट और ओमान सागर में जहाज़ों की स्वतंत्र रूप से आवाजाही को सुनिश्चित बनाता रहा है।
इस अवसर पर इराक़ी प्रधान मंत्री आदिल अब्दुल महदी ने कहा कि ईरान-इराक़ एक दूसरे से भाईचारे और दोस्ती का आभास करते हैं।
उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति के इराक़ दौरे को दोनों देशों के संबंध के इतिहास में बहुत निर्णायक मोड़ बताया। उन्होंने इस दौरे में दोनों देशों के बीच हुयी अहम समतियों व समझौतों की ओर इशारा करते हुए कहा कि दोनों देश के अधिकारी इन समझौतों को लागू करने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बल दिया कि इराक़ ईरान के साथ हुए समझौतों को लागू करने के प्रति कटिबद्ध है।
इराक़ी प्रधान मंत्री ने क्षेत्र में तनाव बढ़ाने के लिए कुछ साज़िशों की ओर इशारा करते हुए कहा कि इराक़ ने ईरान के ख़िलाफ़ पाबंदियों का न तो कभी साथ दिया है और न ही देगा।
इससे पहले दोनों देशों के मंत्रियों की बैठक में दोनों देशों के बीच हुए समझौतों को लागू करने और आपसी सहयोग की ताज़ा स्थिति की समीक्षा हुयी।