आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग ने एक बयान जारी करके कहा कि देश की सशस्त्र सेना की निगरानी में आईआरजीसी के एरो स्पेस विभाग ने गुरुवार की रात अपने दायित्वों पर अमल करते हुए अमरीकी युद्ध बेड़े "यूएसएस बाक्सर" और पांच नौकाओं के हुर्मुज़ स्ट्रेट में घुसने के बाद से ही तीन घंटे तक उन पर नज़र रखी और इस दौरान देश के ड्रोन विमान ने अमरीका की आतंकी सेना की ओर से किसी भी प्रकार की भड़काऊ कार्यवाही नहीं देखी।
अमेरिकी राष्ट्रपति और इस देश के युद्धमंत्रालय ने गुरुवार को फ़ार्स की खाड़ी में ईरानी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। डोनल्ड ट्रम्प ने गुरुवार की रात को दावा किया था कि इस देश के युद्धपोत "यूएसएस बाक्सर" ने हुर्मुज़ स्ट्रेट के निकट एक छोटे ईरानी ड्रोन को मार गिराया था।
अमेरिकी युद्धमंत्रालय ने गुरुवार को कहा था कि युद्धपोत "यूएसएस बाक्सर" ने हुर्मुज़ स्ट्रेट में एक ड्रोन मार गिराया जो इस युद्धपोत से एक किलोमीटर की दूरी पर उड़ रहा था।
ईरान के उपविदेशमंत्री ने ईरानी ड्रोन मार गिराये जाने के डोनल्ड ट्रम्प के दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि हमें लगता है कि अमेरिकी युद्धपोत ने ग़लती से अपने ही ड्रोन को मार गिराया।
सैयद अब्बास इराक़ची ने ट्वीट किया कि हुर्मुज़ स्ट्रेट या किसी अन्य स्थान पर हमारे किसी भी ड्रोन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और हम इस बात से चिंतित हैं कि अमेरिकी युद्धपोत "यूएसएस बाक्सर" ने ग़लती से अपना ही ड्रोन मार गिराया हो!
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने अमरीकी नौसेना की ओर से हुर्मुज़ स्ट्रेट में ईरानी ड्रोन गिराए जाने के ट्रम्प के दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक ट्वीट में दुनिया का मानचित शेयर किया जिसमें ईरान और अमरीका की भौगोलिक सीमाओं और साथ साथ हुर्मुज़ स्ट्रेट को दिखाया गया है।