18 जुलाई 2019 - 14:18
अमरीका और सऊदी अरब के बीच हथियारों का सौदा रद्द

अमरीकी कांग्रेस ने सऊदी अरब और अन्य घटकों के साथ 8 अरब 10 करोड़ डॉलर के हथियारों के समझौते को रोक दिया है।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अमरीकी कांग्रेस के अधिकतर सदस्य वाशिंग्टन पोस्ट के पत्रकार जमाल ख़ाशुक्ज़ी की निर्मम हत्या से बहुत ज़्यादा नाराज़ हैं। कांग्रेस के फ़ैसले के विरुद्ध अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प वीटो का प्रयोग कर सकते हैं। अमरीकी कांग्रेस में सऊदी अरब और वाशिंग्टन के अन्य क्षेत्रीय घटकों से हथियारों के समझौते के बारे में प्रस्ताव पेश किया गया।

अमरीकी कांग्रेस के सदस्यों में इससे पहले होने वाले तीन समझौतों को लेकर काफ़ी मतभेद है और अधिकतर का यह कहना है कि यह समझौते आपातकालीन स्थिति के तहत और कांग्रेस में बिना पेश हुए अंजाम पाए हैं।

अगर अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कांग्रेस के इस प्रस्ताव को भी वीटो कर दिया तो जब से वह राष्ट्रपति बने हैं तब से अब तक वह तीन बार वीटो का प्रयोग कर चुके होंगे।

अमरीकी राष्ट्रपति सऊदी अरब, संयुक्त अरब इमारात और जार्डन के साथ हथियारों की बिक्री के 22 समझौते करना चाहते हैं जिनमें विमानों की मरम्मत और अनेक प्रकार के आधुनिक हथियार शामिल हैं। क्षेत्र की वर्तमान तनावपूर्ण स्थिति से लाभ उठाते हुए अमरीका क्षेत्रीय देशों के साथ हथियारों के बड़े समझौते करना चाहता है ताकि उसके हथियारों का कारोबार चमकता रहे।