संयुक्त राष्ट्र संघ की आर्थिक व सामाजिक परिषद के उच्चाधिकारियों की वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए न्यूयाॅर्क की यात्रा पर गए हुए ईरान के विदेश मंत्री ने अपने ट्वीटर हैंडल पर एक लिंक पोस्ट करके लिखा है कि ईरान के कूटनैतिक दल को न्यूयाॅर्क में केवल तीन स्थानों तक सीमित कर दिया गया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि इसी लिए एनबीसी टीवी चैनल से उनका इंटरव्यू, संयुक्त राष्ट्र संघ में ईरान के दूत के निवास स्थान पर रिकाॅर्ड किया गया। जिन तीन स्थानों तक ईरानी कूटनैतिक टीम को सीमित किया गया है उनमें से एक राष्ट्र संघ में ईरान के दूत के निवास स्थान है।
संयुक्त राष्ट्र संघ की बैठक में भाग लेने के लिए न्यूयाॅर्क जाने वाले ईरान के विदेश मंत्री की आवाजाही को सीमित करना, अमरीका की पिछली कार्यवाहियों को देखते हुए बहुत अधिक अप्रत्याशित भी नहीं है लेकिन इस मामले में एक ध्यान योग्य बिंदु यह है कि अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने 14 जूलाई को वाॅशिंग्टन पोस्ट को दिए गए इंटरव्यू में यह बात स्वीकार की थी अमरीका को ज़रीफ़ की यात्रा और अमरीका व संसार के जनमत पर उनके प्रभाव पर चिंता है। ईरानी विदेश मंत्री की आवाजाही को सीमित करने के अमरीका के इस ग़ैर क़ानूनी व असाधारण क़दम पर संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी चिंता प्रकट की है। राष्ट्र संघ के प्रवक्ता फ़रहान हक़ ने इस बारे में कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ का सचिवालय, मेज़बान देश की ओर से ईरान के स्थायी प्रतिनिधि मंडल पर लगाई जाने वाली सीमितताओं से अवगत है और वह अमरीका व ईरान के प्रतिनिधि मंडलों से निकट संपर्क में है और उसने अपनी चिंता से मेज़बान देश को सूचित कर दिया है।
सच बात तो है कि अमरीका को इस बात की बड़ी गहरी चिंता है कि ईरानी अधिकारी जब भी इस देश की यात्रा करते हैं तो वे दूसरों से अधिक मीडिया व अध्ययन केंद्रों के ध्यान का पात्र बनते हैं और उनसे संबंधित ख़बरें, अमरीकी मीडिया में वाॅशिंग्टन सरकार के लिए अनेक चुनौतियां खड़ी कर देती हैं।