17 जुलाई 2019 - 15:12
अमरीका नये सद्दामों को हथियार बेचना बंद करेः विदेशमंत्री

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने मीज़ाइल कार्यक्रम के बारे में वार्ता के लिए ईरान की तत्परता पर आधारित कुछ अमरीकी अधिकारियों के दावों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अमरीका इधर उधर की बात करने के बजाए नये सद्दामों को हथियार बेचना बंद कर दें।

असोशीएटेड प्रेस ने शैतानी हरकत करते हुए विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ के एनबीसी टीवी चैनल को दिए गये साक्षात्कार को तोड़ मरोड़ कर, अपनी रक्षा क्षमता के बारे में वार्ता के लिए ईरान की तत्परता की ग़लत रिपोर्ट दी थी।

विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ के बयानों को तोड़ मरोड़ कर पेश किए जाने के कारण अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और विदेशमंत्री माइक पोम्पियो ने ख़ुशी के मारे इस विषय को अपनी उपलब्धि क़रार दे दिया। 

 मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने बुधवार को ईरान के ख़ुर्रम शहर, ग़ज़्ज़ा और यमन के युद्ध की तबाही की फ़ोटो अपने ट्वीटर हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा कि ईरानी राष्ट्र के विरुद्ध थोपे गये आठ वर्षीय युद्ध के दौरान, इराक़ के तानाशाह सद्दाम हुसैन ने पूरब और पश्चिम की ओर से दिए गये बमों और मीज़ाइलों से ईरानी शहरों को निशाना बनाया।

श्री जवाद ज़रीफ़ ने यह बयान करते हुए कि ईरान पर थोपे गये आठ वर्षीय युद्ध के दौरान किसी भी देश ने ईरान को हथियार नहीं बेचे, कहा कि उस समय ईरान के पास अपने रक्षा उपकरण बनाने के अतिरिक्त कोई और रास्ता नहीं था।